नई दिल्ली/ओरलैंडो। माइक्रोसॉफ्ट अपने लोकप्रिय ऑपरेटिंग सिस्टम विंडोज का नया वर्जन ‘विंडोज 10’ लांच करने जा रही है। इसे 29 जुलाई को 13 देशों में लांच किया जाएगा। इनमें भारत भी है। अभी इसका लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम ‘विंडोज 8.1’ है। विंडोज 7, 8 या 8.1 वाले पुराने ग्राहक इसे कुछ दिनों तक फ्री अपग्रेड कर सकेंगे।
विंडोज 10 में कोर्टाना के साथ नया वेब ब्राउजर है। इसका मुकाबला एपल के सीरी से है। इसमें एमएस एज, एक्सबॉक्स एप जैसी नई चीजें होंगी। माइक्रोसॉफ्ट का दावा है कि नया सिस्टम ज्यादा तेज, सुरक्षित और कंपैटिबल है। इसे पीसी, टैबलेट, स्मार्टफोन और दूसरे गैजेट में समान रूप से इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसमें ऑटोमेटिक अपग्रेड की सुविधा है।
नई दिल्ली, न्यूयॉर्क, साओ पाउलो, लंदन, मैड्रिड, जोहानिसबर्ग, बर्लिन, नौरोबी, दुबई, बीजिंग, सिंगापुर, टोक्यो और सिडनी में एकसाथ इसकी लांचिंग होगी। सीईओ सत्या नडेला ने बताया कि ‘विंडोज 10’ फोन और टैबलेट से लेकर आर-पार दिखने वाले कंप्यूटर होलोलेंस तक, हर चीज पर चलेगा। यूजर इसे बिल्कुल स्वाभाविक तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे। वे इसके साथ बात कर सकते हैं, छू सकते हैं।
पहनने वाला कंप्यूटर
क्लाउड टेक्नोलॉजी के बारे में नडेला ने कहा कि इसमें सेंसर होंगे जो यूजर की पहचान करेंगे। ऐसे कंप्यूटर होंगे जिसे लोग पहन सकेंगे, छू सकेंगे। कंपनी आने वाले दिनों में पर्सनल कंप्यूटिंग, प्रोडक्टिविटी व बिजनेस प्रॉसेस और क्लाउड प्लेटफॉर्म पर फोकस करेगी। नडेला कंपनी के साझेदारों, वरिष्ठ अधिकारियों, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों और विश्लेषकों को संबोधित कर रहे थे। कॉन्फ्रेंस में करीब 12,000 लोग थे।
कोर्टाना के ये फायदे भी हैं
माइक्रोसॉफ्ट का एप है। इससे आप अपनी आवाज से किसी को फोन लगा सकते हैं, मैसेज भेज सकते हैं, नेट पर सर्च कर सकते हैं। रिमाइंडर, ऑटोमेटिक रिप्लाई, अपनी लोकेशन देखने, मौसम की जानकारी जैसे इसके और इस्तेमाल भी हैं।