किसान कल्याण योजना: किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए शिवराज सरकार ने केंद्र सरकार की तरह मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना लागू की है। इसमें हर साल हर पात्र किसान को दो किश्तों में 4000 रुपये की सहायता दी जाती है। वहीं, पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार छह हजार रुपये सालाना दे रही है। पीएम किसान सम्मान निधि की 6 हजार की राशि के अलावा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में किसानों को 4 हजार रुपये की अतिरिक्ति राशि दी जाती है। किसानों को यह राशि पीएम किसान सम्मान निधि के साथ ही जोड़ कर किश्तों में दी जाती है जिससे उन्हें कुल 10 हजार रुपये मिलते हैं।
किसान कल्याण योजना की राशि 80 लाख किसानों के खातों में जमा की जाएगी
मध्य प्रदेश के किसानों को शिवराज सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। 3 फरवरी को प्रदेश में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत स्वीकृति पत्र वितरण के साथ किसान कल्याण योजना की किसान सम्मान निधि 80 लाख किसानों के खातों में जमा की जाएगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। यह पैसा एक क्लिक में खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान (CM Jan Seva Abhiyan) कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरणों में है, राज्य स्तरीय कार्यक्रम 3 फरवरी को विदिशा में आयोजित किया जायेगा। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री चौहान ने सोमवार को मंत्रालय में विदिशा में 3 फरवरी को होने वाले मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान किसानों को यह बड़ी खुशखबरी दी। और उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
साथ ही लाडली बहना योजना की दी जायेगी जानकारी
इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि जोड़ने के साथ लाडली बहना योजना की भी जानकारी दी जायेगी। यह कार्यक्रम रीवा संभाग को छोड़कर प्रदेश में होगा। जिले के कलेक्टर किसानों को गांव-गांव जाकर एकत्र करें। कार्यक्रम गांव-गांव में सुना जाए। विदिशा में आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और कार्यक्रम व्यवस्थित हो। कार्यक्रम की बेहतर तैयारी की जाए। बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर वर्चुअली शामिल हुए।