नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भगवत गीता प्रतियोगिता जीतने वाली मरियम आसिफ सिद्दीकी से मुलाकात की। जनवरी में आयोजित गीता चैंपियन्स लीग प्रतियोगिता में 4000 प्रतियोगियों को पछाड़कर 12 वर्षीय मरियम ने पहला स्थान हासिल किया था। इस दौरान मरियम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष और स्वच्छ भारत अभियान के लिए 11 हजार रुपए दिए। मोदी ने मरियम को विभिन्न धर्मों पर आधारित पांच पुस्तकें दी।
मरियम ने प्रधानमंत्री को गुलदस्ता भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर इस मुलाकात के बारे में बताया। पीएम मोदी ने कहा कि इस बच्ची की विभिन्न धर्मो में रुचि सभी भारतीयों के लिए एक प्रेरणा है। आपको बता दें कि जनवरी में मरियम ने इस प्रतियोगिता को जीतने के बाद पुरस्कार स्वरूप मिली राशि को लड़कियों की शिक्षा के लिए दान कर दिया था। गीता प्रतियोगिता जीतने के बाद गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल ने मरियम को सम्मानित किया था। उसने पुरस्कार स्वरूप मिले 11,000 रुपए की धनराशि के चेक को आनंदीबेन पटेल को सौंप दिया और उनसे इस राशि को लड़कियों की शिक्षा के लिए उपयोग करने का आग्रह किया था।
मरियम से मिल कर पीएम मोदी ने आर्शीवाद दिया। प्रतियोगिता जीतने पर मरियम को पूरे देश से शुभकामनाएं मिली थीं। मरियम को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई संगठनों ने सम्मानित किया था। इंटरनेशनल सोसायटी फॉर कृष्णा कंससनेस (इस्कॉन) द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के 195 स्कूलों के 4000 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। मोदी से मुलाकात करने पहुंची मरियम के साथ उसके माता-पिता आफिफ नसीम सिद्दकी और फरहान आसिफ सिद्दकी भी आए थे।