Sanjay Kumar Singh
21-12-2022 03:11 AMडॉ. एसके सिंह
प्रोफेसर सह मुख्य वैज्ञानिक( प्लांट पैथोलॉजी)
एसोसिएट डायरेक्टर रीसर्च
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय
पूसा , समस्तीपुर बिहार
वितरण
यह पपीता का सबसे खतरनाक रोग है जो सभी पपीता उत्पादक देशों में पाया जाता है, अफ्रीका को छोड़कर। इस रोग के कई नाम है जैसे- पपीता का डिस्टारशन रिंग स्पाट या मोजैक। ये सभी इसी बीमारी के अन्य नाम है। इस रोग के विषाणु कैरीकेसी कुकुरबिटेसी एवं चेनोपोडीएसी कुल के पौधों पर ही पाये जाते हैं।
लक्षण
यह रोग PRV-P के द्वारा उत्पन्न होता है। PRV-P भी कई तरह के होते हैं, जिसकी वजह से इसकी उग्रता भी घटते-बढ़ते रहती है। इस रोग में पत्तियों पर गहरे हरे रंग के धब्बे बनते हैं, जो प्रायः धँसे होते हैं। इस रोग को रिंग के द्वारा आसानी से पहचाना जा सकता है। यह रिंग फलों पर ज्यादा स्पष्ट दिखाई देते हैं। जैसे-जैसे फल परिपक्व तथा पीला होने लगता है। रिंग अस्पष्ट होने लगती है। फलों पर इस रोग की वजह से कुबड़ापन उभर आता है। इस रोग में सर्वप्रथम उपर से दूसरी या तीसरी पत्ती पीली होती है। पत्तियों पर मोजैक के लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। पत्तियों की नसें स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। पत्तियाँ कटी-फटी-सी दिखाई देती है।
रोग की उग्र अवस्था में पत्तियों पतले धागों के रूप में परिवर्तित हो जाती हैं। तनों एवं पर्ववृन्तों पर तैलीय खरोंच जैसे निशान भी इस रोग की वजह से देखे जा सकते हैं। इस रोग की उग्रता की वजह से पत्तियों, पर्णवृन्त एवं आक्रान्त पौधे सामान्य पौधों की तुलना में छोटे तथा कभी-कभी बौने से दिखाई देते हैं। इस रोग की वजह से पपीता के सभी उम्र के पौधे समान रूप से आक्रान्त होते हैं। रोगग्रस्त पौधे से स्वस्थ पौधों तक इस रोग के विषाणु सभी प्रकार के एफिड के द्वारा पहुँचते हैं। विषाणु के स्वस्थ पौधों तक पहुँचने के तकनीबन 2-3 सप्ताह के पश्चात् इस रोग के लक्षण दिखाई देते हैं। यदि इस रोग से पपीता कम उम्र में ही आक्रान्त हो गया तो ऐसे पौधों में फल नहीं लगते हैं, लेकिन ऐसे पौधे जल्दी मरते भी नहीं हैं।
PRV-P का जीव विज्ञान
इस रोग के विषाणु जम्बे, घुमावदार, डण्डे जैसे कण होते हैं जो 800-900 मि0मी0 लम्बे होते हैं। इस विषाणु के कण का एफिड की विभिन्न प्रजातियों द्वारा रोगग्रस्त पौधे से स्वस्थ पौधों संचरण तक होता है। पपीता के रिंग स्पाॅट विषाणु को दो हिस्सों में बाँटा जा सकता है यथा PRV-P एवं PRV-W। PRV-P नामक विषाणु पपीता के अतिरिक्त कद्दूकुल के अन्य पौधों को भी इस रोग से आक्रान्त कर सकते हैं जबकि PRV-W केवल कद्दूकुल के पौधों को ही आक्रान्त कर सकता है। इससे पपीता आक्रान्त नहीं होता है। PRSV की इन दोनों प्रभेदों को Serologically अलग नहीं किया जा सकता है। इन्हें इनके परपोषी द्वारा ही अलग-अलग पहचाना जा सकता है।
प्रसार
इस रोग के विषाणु रोगग्रस्त पपीता के पौधे से स्वस्थ पपीता तक एफिड की विभिन्न प्रजातियों द्वारा पहुँचाया जाता है। जैसे ही एफिड आक्रान्त पौधे पर रस चूसने के लिए बैठता है ठीक उसी समय इस रोग के विषाणु एफिड के मुँह में चले जाते हैं। इस कुल प्रक्रिया में मात्र कुछ सेकेण्ड लगते हैं। तत्पश्चात् यहाँ से जब एफिड स्वस्थ पौधे पर पहुँचता है इस रोग के विषाणु को उस पौधे में प्रवेश करा कर उसे आक्रान्त कर देता है। इस रोग के विषाणु जल्द से जल्द रोगग्रस्त पौधे से एफिड के मुँह में तथा वहाँ से स्वस्थ पौधों तक पहुँचाये जाते हैं। यह सब कार्य बहुत ही जल्दी सम्पन्न होता है। इस प्रक्रिया में जितना अधिक समय लगेगा, विषाणु के अन्दर रोग उत्पन्न करने की क्षमता में कमी आते जायेगी। इस रोग का प्रसार एफिड के अलावा अन्य किसी कीड़े द्वारा नहीं होता है। इस रोग के विषाणु मृदा या मृत पपीता के पौधे में जीवित नहीं रह सकते हैं। यह रोग बीजजनित भी नहीं है इसका मतलब इस रोग का प्रसार बीज द्वारा नहीं होता है। इस रोग का प्रसार रोगग्रस्त पौधों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने से हो सकता है। एक बार इस रोग से आक्रान्त होने के पश्चात् इस रोग से छुटकारा किसी प्रकार से सम्भव नहीं है।
वाइरस संचरण
एफिड अपने परपोषी से रस चूसता है। एफिड बहुत सी विषाणुजनित रोगों के संचरण में एक संवाहक की भूमिका अदा करता है। सीधे तौर पर एफिड द्वारा फसलों का उतना नुकसान नहीं होता है जितना उसके द्वारा फैलाये गये रोगों द्वारा फसलों का नुकसान होता है। उपरोक्त तथ्य पपीता के रिंग स्पाट विषाणु के सन्दर्भ में अक्षरशः लागू होती है। एफिड जब रोग से आक्रान्त पौधों से रस चूसता है ठीक उसी समय विषाणु के कण, एफिड के मुँह में चले आते हैं एवं जब यह एफिड रस चूसने के लिए स्वस्थ पौधे पर पहुँचता है ठीक उसी समय रस चूसने के क्रम में विषाणु के कण को स्वस्थ पौधे में पहुँचा देता है। इस कुल प्रक्रिया में एक मिनट से भी कम समय लगता है। एफिड के सन्दर्भ में नर एवं मादा के मध्य प्रजनन के उपरान्त अण्डा देने की प्रक्रिया शुरू हो, ऐसा आवश्यक नहीं है। एफिड की मादा सीधे मादा निम्फ को जन्म दे सकती है। प्रौढ़ मादा 8-10 नवजात निम्फ/दिन दे सकती है। इस तरह से एक वर्ष में एफिड की कई पीढ़ी पैदा हो सकती है। पपीता की रिंग स्पाट बीमारी पपीता के रिंग स्पाट विषाणु द्वारा होती है। सभी पपीता उत्पादक राष्ट्रों में यह पपीता की सबसे घातक बीमारी है। इस बीमारी का संचरण मुख्यतः एफिड की विभिन्न प्रजातियों द्वारा होती है।
पपीता का पत्रकुंचन विषाणु रोग
यह रोग Geminivims द्वारा होता है। इसमें पत्तियों के शीर्ष भाग पूर्ण रूप से नीचे की ओर मुड़ जाते हैं जिनकी वजह से न तो पौधों में बढ़वार हो पाती है, न ही उन पर फल लग पाते हैं। पत्तियों के डंठल भी विकृत हो जाते हैं। पत्तियाँ और उनकी नसें मोटी हो जाती हैं। प्रभावित पत्तियाँ कटी-फटी एवं चमड़े जैसी मोटी हो जाती है। इस रोग से आक्रान्त पेड़ में फल नहीं लगते हैं यदि फल लग भी गये तो समय पूर्व गिर जाते हैं, पत्तियाँ गिर जाती हैं। पौधों की वृद्धि रूक जाती है। लगभग 70% तक यह रोग सफेद मक्खी द्वारा फैलाया जाता है।
पपीता में लगने वाले विषाणुजनित रोगों का प्रबन्धन
Smart farming and agriculture app for farmers is an innovative platform that connects farmers and rural communities across the country.
© All Copyright 2024 by Kisaan Helpline