Kisaan Helpline
प्रदेश के मुखिया खेती को लाभ का धंधा बनाने पर जोर दे रहे हैं लेकिन जिले में खेती किसानी से मुनाफा तो दूर लागत तक नहीं निकल पा रही है। ऐसा ही मामला सोयाबीन की कटाई शुरू होने के दौरान सामने आया है। कुसिया गांव के एक खेत में पांच एकड़ रकबे की कटाई के दौरान मात्र 15 किलो सोयाबीन का उत्पादन हुआ है।
जिले में साेयाबीन की कटाई का काम शुरू हो गया है। गुरूवार को हरदा के किसान दीपक चंद्रवंशी ने कुसिया गांव में स्थित अपनी पांच एकड़ रकबे में बोई गई सोयाबीन की कटाई करवाई। पांच एकड़ रकबे में चले हार्वेस्टर से सिर्फ कचरा ही निकलता रहा। कटाई में करीब एक से डेढ़ घंटा लगा लेकिन इतने समय में सोयाबीन से आधा टेंक भी नहीं भर पाया। जब कटाई पूरी होने के बाद हार्वेस्टर से काटी गई सोयाबीन को ट्रॉली में निकाली तो इसमें सोयाबीन से ज्यादा मिट्टी पाई गई। जिसे देखकर किसान निराश हो गया। किसान ने बताया कि मिट्टी और कचरा अलग कर दिया जाए तो पांच एकड़ में 10 से 15 किलो ही उत्पादन सामने आया है।
फसल का सर्वे किया जा रहा है
जिले में सोयाबीन फसल का सर्वे करवाया जा रहा है। दल खेतों में पहुंचकर जानकारी ले रहे हैं। इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। रजनीश श्रीवास्तव, कलेक्टर हरदा
15 तक होगा सर्वे
आम किसान यूनियन की मंडी में हुई बैठक में बताया प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने सोयाबीन का सर्वे शुरू करवाया है। सर्वे प्रशासन ने 15 सितंबर तक पूरा किए जाने की बात कही है।
बखर दिया खेत
आलमपुर के किसान रणवीर खेरवा ने सोयाबीन को कटाने की बजाए खेत को ट्रैक्टर से बखर दिया है। किसान ने बताया बारिश से सोयाबीन की फसल खराब हो गई थी।
पौधों से उत्पादन नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में उन्होंने कटाई का खर्च बचाते हुए सोयाबीन के खेत को बखर दिया। इनसे पहले भी जिले में कई किसानों ने खराब फसल को देखते हुए सोयाबीन के खेत को बखर कर बनाया गया है।
एक एकड़ पर खर्च किए 7 हजार
किसान ने बताया उन्होंने तीस एकड़ रकबे में सोयाबीन बोई थी। इसमें से पांच एकड़ में कटाई की गई। एक एकड़ पर करीब 6 से 7 हजार की लागत आई है। इसमें सोयाबीन के बीज, खाद और दवाईयों का खर्च शामिल है। ऐसे में पांच एकड़ की फसल पर करीब 35 हजार रूपए खर्च कर दिए लेकिन 500 रुपए की सोयाबीन नहीं निकल पाई है
Smart farming and agriculture app for farmers is an innovative platform that connects farmers and rural communities across the country.
© All Copyright 2024 by Kisaan Helpline