अंकुरित अनाजों को स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। ये पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इन्हें 'सुपर फूड' यानी 'उत्तम खाद्य' भी कहा जाता है। ये एक प्राकृतिक पौष्टिक आहार हैं।
फायदे
अंकुरित अनाजों में कैलोरी बहुत कम होती है। अतः ये मोटापा कम करने में सहायक होते हैं व शरीर का वजन नहीं बढ़ने देते हैं।
इनमें बहुत से प्रोटीन होते हैं, जो शरीर को मजबूती प्रदान करते हैं।
ये एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन 'ए', 'बी'. 'सी', 'के' व अन्य सूक्ष्म तत्वों से भरपूर होते हैं। अत: शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
अंकुरित अनाज पाचन तंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं। ये आंतों करे क्रिया को सही करने में सहायक हैं। कैल्शियम, फॉस्फोरस से भरपूर होने की वजह से हड्डियों व दांतों को मजबूती प्रदान करते हैं। रक्त को साफ करने में ये महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यदि गर्भावस्था के दौरान महिला अंकुरित अनाज का सेवन करे तो नवजात शिशु को मानसिक और शारीरिक दुर्बलताओं से बचाया जा सकता है।
मधुमेह के रोगियों के लिए ये फायदेमंद होते हैं।
इनमें विटामिन ए, बी-1, बी-5, खासतौर पर थायमिन, राइबोफ्लेविन, नियासिन व विटामिन सी की मात्रा काफी बढ़ जाती है, जिससे भोजन आसानी से पच जाता है।
अंकुरित अनाज में फाइबर, फॉलेट, ओमेगा 3 और फैटी एसिड भी पाए जाते हैं, जिससे त्वचा स्वस्थ रहती है।
विटामिन ए के निर्माण में सहायक कैरोटीन की मात्रा में भी इनसे वृद्धि होती है।
अनाजों को अंकुरित करने से उसमें मौजूद एंजाइम की मात्रा बढ़ जाती है। इसके सभी घटक ऐसी अवस्था में पहुंच जाते हैं, जिससे शरीर में उनका अवशोषण जल्दी होने लगता है। ये हृदय की कार्य प्रणाली को ठीक रखते हैं, क्योंकि अंकुरित अनाज ओमेगा 3 व फैटी एसिड का बड़ा स्रोत हैं। इनके सेवन से सीधे हृदय को लाभ मिलता है व सेहत ठीक रहती है। इनमें उच्च गुणवत्तायुक्त पोटेशियम भरपूर होता है। यह रक्तचाप को सामान्य रखता है व हृदयाघात से बचाता है।