मुंबई/नई दिल्ली. मुंबई में सोमवार रात से हो रही बारिश मंगलवार की सुबह भी जारी है। बारिश के चलते एक बार फिर मुंबई के कई हिस्सों में पानी भर गया है। बारिश से लोकल ट्रेनों की सर्विस पर भी असर पड़ा है। सभी ट्रेनें 15-20 मिनट की देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी भी दी है। इससे पहले पिछले हफ्ते गुरुवार-शुक्रवार को हुई बारिश से मुंबई बेहाल हो गई थी। इस बीच, मध्य भारत में मानसून पूरी तरह से पहुंच चुका है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य भारत में अभी तक सबसे अच्छी बारिश हुई है। मध्य भारत में सामान्य से 32 फीसदी और दक्षिण भारत में सामान्य से 30 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार में अभी कम बारिश हुई है।
पूरे देश में सामान्य से 16 फीसदी ज्यादा हो चुकी है बारिश
देश में 1 से 21 जून तक सामान्य से 16 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। उत्तर भारत में अब मानसून दस्तक दे सकता है। महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में मानसून सक्रिय है। पिछले 24 घंटे में कोंकण और गोवा में सामान्य से 225 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। वहीं, विदर्भ में सामान्य से 425 फीसदी ज्यादा बारिश हुई।
अगले 24 घंटे भारी बारिश का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में इन इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, अगले दो-तीन दिनों के दौरान मानसून यूपी, बिहार, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और पंजाब में समय से पहले पहुंच सकता है। सोमवार को दिल्ली में तीन-चार दिन पहले मानसून ने दस्तक दी है। यहां 10.6 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग को दिल्ली में 29 जून तक मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद है।
दीवार गिरने से पांच की मौत नवी मुंबई से सटे रायगढ़ जिला के मोहाची वाडी में तेज बारिश के कारण घर की दीवार ढह जाने से एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा, सोमवार को
मुंबई-पुणे एक्सप्रेस हाईवे पर चट्टान खिसकने से ट्रैफिक जाम मंगलवार को भी बरकरार है। हालांकि, काफी हद तक मलबा हटाया जा चुका है और उम्मीद है कि दोपहर तक ट्रैफिक नॉर्मल हो जाएगी।
बारिश से असम में बाढ़
बारिश से असम में बाढ़ आ गई है। असम में बाढ़ से प्रभावित होने वालों की संख्या बढ़कर 27 हजार हो गई है। ये लोग 72 गांवों के हैं। बाढ़ का सबसे ज्यादा असर लखीमपुर जिले में हैं। राज्य में 1,600 हेक्टेयर में लगी फसल पानी में डूब गई है। जोरहाट में ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।