मुंबई/पुणे। मौसम विभाग ने मुंबई से सटे अरब सागर में चक्रवात की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक यह फिलहाल मुंबई से करीब 700 किलोमीटर दूर पर है। इसकी वजह से महाराष्ट्र और गोवा के तटीय इलाकों में 55 से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कोंकण इलाके और गोवा में मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी है। निजी एजेंसी स्काई मेट का कहना है कि इस चक्रवात का असर समुद्र में बॉम्बे हाई पर भी पड़ने की आशंका है। आपको बता दें कि बॉम्बे हाई मुंबई के समुद्र तट से 162 किलोमीटर दूर मौजूद है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस चक्रवात के चलते मुंबई, पुणे और कोंकण इलाके में बरसात भी हो सकती है। मुंबई प्रशासन ने भी समुद्र किनारे लोगों को न जाने की चेतावनी दी है।