जोधपुर. जोधपुर में ज्यादातर बारिश पश्चिमी हवाओं की उथल-पुथल के कारण होती है। शहर में यह बात आमतौर पर प्रचलित है कि किले की तरफ से आने वाले बादल अक्सर अच्छी बारिश लाते हैं। प्रो. कल्ला ने इसे वैज्ञानिक तरीके से भी समझाया। ऐसे ही कई दूसरे फैक्टर हैं जो जोधपुर में मानसून की बारिश का संकेत देते हैं या उसे प्रभावित करते हैं।
मानसून की शुरुआत में इन सबको जानना रोचक हो सकता है। मानसून की बारिश पर नजर रखने वाले और इसका अध्ययन कर रहे इसरो के सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर प्रो. ओपीएन कल्ला ने ऐसे कई तथ्यों की जानकारी जुटाई है। इधर, मानसून ने शुक्रवार को जिले भर में दस्तक दे दी। हालांकि पहले दिन कहीं भी बारिश नहीं हुई, लेकिन दिनभर बादल छाए रहने से लोगों को राहत मिली। वहीं अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट जारी रही। जोधपुर शहर में अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री गिर कर 36.9 दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री गिर कर 25.2 दर्ज किया गया।
शहर में अब तक 47.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। उधर, जिले के फलौदी का अधिकतम तापमान 3 डिग्री बढ़ कर 39.5 डिग्री दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री पर स्थिर रहा। बाड़मेर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री पर स्थिर रहा व न्यूनतम 4.8 डिग्री गिर कर 24.8 रहा, जो संभाग में सबसे कम रहा। जैसलमेर का अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री बढ़ कर 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री गिरावट के साथ 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।