(अमरेली में बाढ़ में फंसा शेरनी अपने बच्चे को सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए।)
अमरेली/गांधीनगर। गुजरात के सौराष्ट्र में बुधवार को आई बाढ़ से अब तक 9 एशियाटिक लायन की मौत हो गई है। अमरेली, भावनगर और गिर के प्रभावित इलाकों से अब तक आठ सिंहों के शव बरामद किए गए हैं। अकेले अमरेली जिले में ही पांच शव बरामद हुए हैं। भावनगर में तीन शव मिले हैं। हालांकि सरकार ने शनिवार को केवल पांच सिंहों के मरने की पुष्टि की है। राज्य सरकार ने शनिवार को क्षेत्र के वन्यजीवों के लिए राहत और बचाव कार्य के साथ नुकसान का सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। शेत्रुंजी नदी के इलाकों में वन विभाग ने 100 टीमों को तैनात किया है।
इसके लिए ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है। 18 से 20 जेसीबी मशीनें काम में लगाई हैं। चीफ वाइल्ड लाइफ वॉर्डन एसी पंत ने बताया ‘बाढ़ में फंसे वन्यजीवों को सही सलामत निकालकर उनका इलाज किया जा रहा है। 200 से अधिक नीलगायों की भी मौत हो गई है। यहां कीचड़ और कंटीले बबूल के पेड़ों की संख्या ज्यादा होने के कारण राहत काम में मुश्किल रही है। शेत्रुंजी नदी के किनारे करीब 100 जलाशय मिट्टी भरने से बंद हो गए हैं।