पुणे: 'अशोबा ' चक्रवात के ओमान की ओर मुडने के बाद मानसून सामान्य रफ्तार से बढ़ रहा है। यह कर्नाटक, तमिलनाडु, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और रायलसीमा में पहुंच गया है। अगले 48 घंटे में मुंबई पहुंच सकता है। हालांकि, बुधवार को मुंबई समेत देश के कई इलाकों में तेज गर्मी रही। वहीं, उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत में कई जगहों पर बारिश हुई।
कई राज्यों में हुई बरसात
मौसम विभाग के मुताबिक, अरुणाचल, असम, कर्नाटक, तमिलनाडु और जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में बुधवार को बारिश हुई। अगले 24 घंटे में असम, अरुणाचल, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार में हल्की बारिश हो सकती है।
रत्नागिरी तक पहुंचा मानसून
मानसून महाराष्ट्र के रत्नागिरी पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 24 घंटे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। इस दौरान 45-60 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। उधर, देश के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में धूल भरी आंधी आने का अनुमान है। झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की आशंका है।
लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में दो-दो लोगों की मौत
अरुणाचल की राजधानी ईटानगर में बुधवार को जमीन धंसने से एक मकान ढह गया। इससे पिता-पुत्री की मौत हो गई और मां-बेटे घायल हो गए। उधर, लद्दाख क्षेत्र के खारडोंग दर्रे में कोलकाता के तीन पर्यटकों की कैब हिमस्खलन की चपेट में आ गई। इससे दो पर्यटकों की मौत हो गई।