Kisaan Helpline
उत्तरप्रदेश। देवरिया की महिला किसानों को सरकार जैविक खेती करने के लिए प्रशिक्षण दिलवा रही है। इस प्रशिक्षण के लिए गौरीबाजार क्षेत्र की पचास ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इन ग्राम पंचायतों से टीमें 3500 महिला किसानों को चयनित कर प्रशिक्षण दे रही है। यह टीमें बिहार के मुजफ्फरपुर के ब्लाक मोतीपुर के 32 सीआरपी यानि कम्युनिटी रिसोर्स परसन महिला किसानों को प्रशिक्षण देने का कार्य कर रहे हैं।
पंडित दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका के तहत महिला सशक्तीकरण परियोजना के तहत महिला किसानों को जैविक खेती करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण देने के लिए बिहार की आठ टीमें आई है। एक टीम में चार-चार लोगों को शामिल किया गया है। प्रत्येक टीम में महिलाएं भी है। महिला किसानों को जैविक खेती, किचन गार्डन, बोरा बगीचा के तहत खेती करने के लिए प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण में खेती पर कम खर्च कर अधिक पैदावार करने के तरीके बताए जा रहे हैं। कृषि के लिए जैविक खेती आज की जरूरत बनती जा रही है। बिहार से आई टीम के नोडल प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि महिला किसानों को तीन तरह से जैविक खाद तैयार कर खेती करने के तरीके बताए जा रहे है। इसमें वर्मी कंपोस्ट, जैविक खाद, जैविक पेस्ट तैयार करना शामिल है। जैविक खाद तैयार हो जाने के बाद श्री विधि से गेहूं बीज की बोआई करनी चाहिए। किसान सामान्य तौर दो किग्रा प्रति कठ्ठा गेहूं बीज डालते हैं। जबकि श्री विधि में पहले बीज को उपचारित करते हैं। इसके बाद उसको अंकुरित करते हैं, फिर उसको आठ गुणे आठ दूरी पर एक से दो दाने की बोआई की जाती है। इससे कम लागत भी आएगा और पैदावार भी अच्छी होगी। सामान्य खेती की सिंचाई 21 दिन बाद शुरू कर दी जाती है। जबकि श्री विधि में 15 दिन बाद सिंचाई की जाती है।
32 सदस्यों की आठ टीमें दे रही प्रशिक्षण
बिहार के मुजफ्फपुर जिले के मोतीपुर विकास खंड की आठ टीमें आई हुई है। प्रत्येक टीम में चार-चार सदस्य हैं, जिनको सात-सात गांव आवंटित किए गए हैं। यह टीमें गौरीबाजार विकास खंड के अलग-अलग गांवों में जाकर महिला किसानों को प्रशिक्षित कर रही हैं। टीमों की ओर से लक्ष्मीपुर, सांड़ा, लबकनी, बागापार, रतनपुरा में महिला किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
Smart farming and agriculture app for farmers is an innovative platform that connects farmers and rural communities across the country.
© All Copyright 2024 by Kisaan Helpline